
गांधी-शास्त्री जयंती पर निकाली पोक्सो जागरूकता रैली
हापुड़,सीमन/सुरेश जैन(ehapurnews.com):राजकीय इंटर कॉलेज अनूपपुर डिबाई में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के द्वितीय प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती धूमधाम एवं उत्साह के साथ मनाई गई। जिला विद्यालय निरीक्षक, हापुड़ के आदेश तथा उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में विद्यालय में बाल अधिकार एवं बाल लैंगिक अपराध संरक्षण अधिनियम (POCSO Act), 2012 के प्रति जागरूकता के लिए विशेष अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय परिसर से छात्र-छात्राओं द्वारा प्रभात फेरी एवं जागरूकता रैली निकाली गई। विद्यार्थियों ने हाथों में बैनर एवं जागरूकता संबंधी स्लोगन लेकर अनूपपुर डिबाई गांव के प्रमुख मार्गों से भ्रमण किया। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को बच्चों की सुरक्षा, बाल अधिकारों तथा बाल लैंगिक अपराध संरक्षण अधिनियम (POCSO Act) के प्रावधानों के प्रति जागरूक किया गया।
प्रधानाचार्य धनपाल सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। बच्चों की सुरक्षा एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
रुचि शिशोदिया ने बाल लैंगिक अपराध संरक्षण अधिनियम की जानकारी को बच्चों एवं अभिभावकों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जागरूकता के माध्यम से बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है। राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित वरिष्ठ शिक्षक अमित कुमार शर्मा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना भी है।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में सभी ने बाल सुरक्षा, अधिकारों के संरक्षण एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।
Brainwaves International School: Admissions Open 2026-27 (Playgroup – Grade XI)




















