
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र की रेलवे लाइन के किनारे पिलर संख्या- 11 के पास शुक्रवार को मिले शव की पहचान कसतला कासमाबाद निवासी दसवीं के छात्र आशीष के रूप में हुई है। आशीष शुक्रवार को गांव से ही पैदल परीक्षा देने के लिए निकला था लेकिन शाम तक घर नहीं पहुंचा। मृतक के पास से प्रवेश पत्र नहीं मिला। ऐसे में परिजन किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं।
आशीष गांव के महावीर जैन इंटर कॉलेज का छात्र था और उसका परीक्षा केंद्र हापुड़ का जेपी पब्लिक स्कूल था। शुक्रवार को घर से परीक्षा देने के लिए निकला था लेकिन देर शाम करीब 5:00 बजे परिवार को घटना की जानकारी मिली। पहले शव की पहचान नहीं हो सके थी। बाद में मामा अंकित ने पहचान की। छात्र के मामा अंकित का कहना था कि मृतक के पास से ना तो प्रवेश पत्र मिला है और ना ही परीक्षा से जुड़ा कोई दस्तावेज जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

























