
पुस्तक विमोचन समारोह का आयोजन
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):हापुड़ के श्री शान्ति स्वरूप कृषि इण्टर कॉलेज, हापुड़ में एक साहित्यिक कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रभुदयाल जयंत एवं दीवान इण्टर कॉलेज के प्रवक्ता तथा अपनी मधुर वाणी से श्रोताओं के हृदय पर अमिट छाप छोड़ने वाले प्रसिद्ध कवि श्री महेश वर्मा के संयुक्त कर-कमलों द्वारा ‘निर्भीक नामा’ (ग़ज़ल संग्रह) पुस्तक का विमोचन संपन्न हुआ।
इस पुस्तक के रचनाकार जे. पी. सेठ, जो कि श्री शान्ति स्वरूप कृषि इण्टर कॉलेज, हापुड़ में विज्ञान शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं, साहित्य जगत में ‘निर्भीक आज़मगढ़ी’ के नाम से अपनी विशिष्ट पहचान रखते हैं। उनकी लेखनी से निकली अनेक विधाओं—कविता, शायरी, ग़ज़ल, कजरी गीत, फिल्मी गीत एवं भोजपुरी गीतों—की रचनाएँ साहित्य प्रेमियों के समक्ष आने की प्रतीक्षा में हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका उल्लेखनीय योगदान रहा है। उन्होंने कक्षा 9 एवं 10 के विज्ञान विषय के लिए ‘विज्ञान सरस’ पुस्तक का लेखन किया है, जिसका लाभ विद्यार्थी प्राप्त कर रहे हैं।
पुस्तक विमोचन के अवसर पर लेखक जे. पी. सेठ ने अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी शुभचिंतकों, पाठकों, साहित्य प्रेमियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति हार्दिक आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि साहित्य एवं पुस्तकों के माध्यम से समय-समय पर समाज को जागरूक करने और सकारात्मक संदेश देने का कार्य निरंतर करते रहें।
कार्यक्रम का सफल संचालन कृष्ण द्विवेदी द्वारा किया गया। कार्यक्रम की व्यवस्था में डॉ. सोहन कुमार एवं राम कुमार का विशेष सहयोग रहा, जबकि मीडिया व्यवस्था में मोहित राघव का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सदस्यों, साहित्य प्रेमियों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी उपस्थित जनों ने पुस्तक की सफलता एवं लेखक के उज्ज्वल साहित्यिक भविष्य हेतु शुभकामनाएँ एवं आशीर्वाद प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में लेखक जे. पी. सेठ ने सभी सहयोगियों, अतिथियों एवं उपस्थित जनसमुदाय के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
First time in Hapur || Mivan construction 🚧 || Rcc homes: 9557303854























