हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर बहलोलपुर में दलित बस्ती में जलभराव की समस्या से तंग आकर ग्रामीणों ने मकान बिकाऊ है का बोर्ड लगाकर पलायन का रास्ता चुना जिसके बाद सरकारी मशीनरी अलर्ट हो गई। मौके पर अधिकारियों में हड़कंप मच गया। पलायन की जानकारी मिलने पर तहसीलदार जयप्रकाश, खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र सिंह, लेखपाल और ग्राम पंचायत सचिव मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा कर हर मुमकिन कदम उठाने का वादा किया।
जल निकासी की परेशानी होने की वजह से ग्रामीणों में काफी गुस्सा है जो पिछले कई वर्षों से सरकारी विभागों का ध्यान इस ओर खींच रहे हैं लेकिन आज तक किसी ने उनकी सुध नहीं ली।
अधिकारियों का कहना है कि नाले का कार्य शुरू हो गया है जिससे जलभराव की समस्या को दूर किया जाएगा।
























