
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के बहादुरगढ़ चौकी के प्रभारी दरोगा मानवीर यादव की मां की बदायूं के इस्लामनगर के गांव मौसमपुर में बदमाशों ने हत्या कर पाजेब, कुंडल आदि सामान लूट लिया और फरार हो गए। मंगलवार की सुबह बदायूं में पड़ोस में रहने वाली दुलरू देवी उनके घर पहुंची तो लाश देख उसके होश उड़ गए जिसके बाद उसने पुलिस को मामले से अवगत कराया। सूचना पर बदायूं पुलिस मौके पर पहुंची जिसने मामले की छानबीन शुरू कर दी। दरोगा मानवीर यादव ने गांव के ही रहने वाले हिस्ट्रीशीटर धीरेंद्र यादव के खिलाफ शक के आधार पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आपको बता दें कि 65 वर्षीय ज्ञानवती उर्फ रातरानी बदायूं के इस्लामनगर क्षेत्र के गांव मौसमपुर में रहती थी जिनका बेटा दरोगा मानवीर यादव जनपद हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ की बहादुरगढ़ चौकी के प्रभारी पद पर तैनात हैं। मामला सोमवार की रात का है जब रातरानी मुख्य गेट बंद करके बरामदे में सोई थी। माना जा रहा है कि देर रात बदमाश पड़ोस के अजय पाल के घर की छत के सहारे घुसे और सोते समय ही उन्होंने धारदार हथियार से बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी। इसके बाद पाजेब, कुंडल, नथ, गले का लॉकेट लूट कर फरार हो गए। मंगलवार की सुबह जब पड़ोसी घर पहुंचे तो लाश देख उनके होश उड़ गए। बताया जा रहा है कि रातरानी का शव खून से लथपथ चारपाई पर पड़ा था। इसके बाद उन्होंने पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल दरोगा मानवीर यादव ने गांव के रहने वाले हिस्ट्रीशीटर धीरेंद्र यादव के खिलाफ शक के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ओमेगा ई-रिक्शा 2025 के नए मॉडल्स खरीदें, 3 साल की लिथियम बैटरी की वारंटी: 7906867483

























