हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ पुलिस ने युवती को जिंदा जलाकर हत्या का प्रयास करने वाले मां और भाई को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जिनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल ब्लेड, पेट्रोल की बोतल, माचिस और मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने गिरफ्तार कर आरोपियों को जेल भेज दिया है।
आपको बता दें कि बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव नवादा खुर्द निवासी युवती का किसी युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मामले की जानकारी जैसे ही मां और भाई को लगी तो उन्होंने युवती की हत्या की योजना बनाई और गुरुवार को ब्लेड से पीड़िता का गला ररेत दिया और उस पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। पीड़िता को आरोपियों ने जीते जी आग के हवाले कर दिया। इस दौरान पीड़िता 70% तक झुलस गई। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोग इकट्ठा हुए और पुलिस को मामले से अवगत कराया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले का खुलासा करते हुए बहादुरगढ़ पुलिस ने मां अशर्फी पत्नी जयपाल और भाई सुनील पुत्र जयपाल को पलवाड़ा बम्बे से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है जिनके कब्जे से पुलिस ने घटना में इस्तेमाल ब्लेड, पेट्रोल की बोतल, माचिस और मोटरसाइकिल बरामद की है।
























