हापुड़ की स्वर्ग आश्रम रोड पर स्थित मोहल्ला त्यागी नगर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक मोबाइल कंपनी का निर्माणाधीन टावर अचानक दो मकानों पर गिर गया. इस दौरान कोई हताहत तो नहीं हुई लेकिन मकानों का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. इलाके में अफरा-तफरी मच गई. मोबाइल टावर गिरने की आवाज इतनी जबरदस्त थी कि एक किलोमीटर दूर तक यह सुनाई दी. आनन-फानन में लोग मौके पर इकट्ठा हुए और पुलिस को मामले की सूचना दी. इसके बाद क्रेन की सहायता से टावर को हटाया गया.
बता दें कि स्वर्ग आश्रम रोड पर स्थित मोहल्ला त्यागी नगर में सुरेश त्यागी के प्लॉट पर यह मोबाइल टावर लगाया जा रहा था जो मंगलवार की रात अचानक किन्हीं कारणों से गिर गया. यह वही टावर है जिसका स्थानीय लोग काफी समय से विरोध भी कर रहे हैं. जब टावर गिरा तो दो मकानों का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. सूचना पाकर आपदा प्रबंधन की टीम भी मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया. मोबाइल टावर गिरने की सूचना शहर में आग की तरह फैल गई और सभी अपने परिचितों का हाल जानने में जुट गए. मौके पर लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई. हापुड़ कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया. मामले की जांच करा आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Techno Blast के लिए FREE में रजिस्ट्रेशन: 8279806606
























