
पिलखुवा की मनस्वी मित्तल ने 99.6% अंकों के साथ किया जिला व विद्यालय टॉप
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): विवग्योर इंटरनेशनल स्कूल पिलखुवा की छात्रा के कक्षा 10वीं में शानदार प्रदर्शन पर वैश्य महासम्मेलन महिला इकाई ने घर पहुंचकर छात्रा को सम्मानित किया। प्रतिभा जब मेहनत से मिलती है तो इतिहास बनता है—ऐसा ही कर दिखाया है। पिलखुवा के मोहल्ला शिवाजी नगर निवासी मनस्वी मित्तल ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की हाईस्कूल परीक्षा में 99.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल अपने विद्यालय, बल्कि पूरे जिले में शीर्ष स्थान हासिल कर शहर का गौरव बढ़ाया है।
मनस्वी की इस उपलब्धि ने पूरे क्षेत्र को गर्व से भर दिया है। उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है, जहां हर कोई इस होनहार बेटी की सफलता में सहभागी बनना चाहता है।
इसी क्रम में अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन महिला इकाई की टीम उनके घर पहुंची। अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन इकाई की अध्यक्ष रानी बंसल, संरक्षिका नीरा कंसल, मंत्री मीनाक्षी एवं कोषाध्यक्ष ज्योति गोयल ने मनस्वी को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर संस्था की ओर से उन्हें सम्मान स्वरूप पटका पहनाया गया तथा ₹2100 की प्रोत्साहन राशि देकर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया गया।
इस मौके पर परिवार की खुशी देखते ही बन रही थी। पिता धीरज मित्तल की आंखों में गर्व साफ झलक रहा था। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “आज हमारी पहचान हमारी बेटी के नाम से हो रही है, इससे बड़ी खुशी हमारे लिए कुछ नहीं हो सकती। मनस्वी ने अपनी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है और हमें पूरा विश्वास है कि वह आगे भी इसी तरह सफलता के नए आयाम स्थापित करेगी।”
वहीं, कोषाध्यक्ष ज्योति गोयल ने मनस्वी की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि, “यह बेटी न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे वैश्य समाज का नाम रोशन करेगी। उसकी सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है।”
मनस्वी मित्तल की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा वैश्य समाज और पिलखुवा शहर गौरवान्वित महसूस कर रहा है। यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि छोटे शहरों की बेटियां भी बड़े सपनों को साकार करने का हौसला रखती हैं।
DPS, Dewan Public School’s books available,
Class 1st to 12th books available, UPTO 20% Discount on pvt books: 9528182700
NCERT, CBSE की किताबें खरीदने के लिए संपर्क करें: 9528182700

























