
हापुड, सीमन/सुरेश जैन(ehapurnews.com): राजकीय इंटर कॉलेज अनूपपुर डिबाई, जनपद हापुड़ में मिशन शक्ति 6.0 के अंतर्गत माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, सैनिटरी पैड के उपयोग तथा उनके सुरक्षित निपटान के विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को माहवारी के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, सैनिटरी पैड के सही उपयोग, समय-समय पर पैड बदलने तथा इस्तेमाल किए गए पैड का सुरक्षित एवं स्वच्छ तरीके से निपटान करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही इस विषय से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य धनपाल सिंह ने कहा कि माहवारी एक स्वाभाविक जैविक प्रक्रिया है, जिसे लेकर किसी भी प्रकार की झिझक या संकोच नहीं होना चाहिए। छात्राओं को अपने स्वास्थ्य और व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति सजग रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सही जानकारी से अनेक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचा जा सकता है।
विद्यालय की मिशन शक्ति नोडल श्रीमती रुचि शिशोदिया ने कहा कि माहवारी स्वच्छता महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य और सम्मान से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। छात्राओं को इस संबंध में खुलकर अपनी जिज्ञासाएं व्यक्त करनी चाहिए तथा सैनिटरी पैड का उचित उपयोग और उसके सुरक्षित निपटान की सही विधि अपनानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य छात्राओं को जागरूक, आत्मविश्वासी और सशक्त बनाना है।
उत्तर प्रदेश राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित विद्यालय के अध्यापक अमित कुमार शर्मा ने कहा कि किशोरावस्था में छात्राओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता और शारीरिक बदलावों के संबंध में वैज्ञानिक एवं प्रमाणिक जानकारी देना अत्यंत आवश्यक है। माहवारी के दौरान स्वच्छता का ध्यान रखना, इस्तेमाल किए गए सैनिटरी पैड को कागज में लपेटकर निर्धारित कूड़ेदान में डालना तथा उन्हें खुले में फेंकने या शौचालय में फ्लश करने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी जागरूकता गतिविधियां छात्राओं में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनाने में सहायक हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय की व्यावसायिक शिक्षिका श्रीमती तैयबा परवीन,लोकेश कुमार, महेश कुमार, सोनू कुमार एवं दीपक कुमार सहित विद्यालय की छात्राएं उपस्थित रहीं।





















