हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ की स्वर्ग आश्रम रोड पर खुर्जा वाले दोयमी फाटक पर एक मालगाड़ी तकनीकी समस्या आने के चलते करीब पौन घंटे तक खड़ी रही जिसकी वजह से आने जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मालगाड़ी के इंजन में खराबी आने से सड़कों पर एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। मशक्कत के बाद ट्रेन के इंजन में आई तकनीकी समस्या को दूर किया गया और ट्रेन खुर्जा के लिए रवाना हुई।
हापुड़ स्टेशन अधीक्षक अजब सिंह ने बताया कि मंगलवार को एक मालगाड़ी मेरठ से खुर्जा जा रही थी। डाउन लॉन्ग हॉल यानी दो इंजन वाली यह माल गाड़ी जैसे ही स्वर्ग आश्रम रोड पर स्थित दोयमी फाटक को पार कर रही थी तो इंजन के पैंटोग्राफ में समस्या आ गई जिसकी वजह से इंजन में करंट सप्लाई प्रभावित हो गई। जानकारी मिलने पर रेलवे विभाग की टीम मौके पर पहुंची जिसने इंजन में मौजूद अन्य पैंटोग्राफ को चालू किया जिसके बाद मालगाड़ी में आई तकनीकी समस्या दूर हो गई और वह अपने गंतव्य की ओर निकल पड़ी।
इंजन में आई तकनीकी समस्या के चलते सड़क पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। राहगीरों को काफी समस्या हुई एक तरफ टीएसएस तो दूसरी ओर फ्लाईओवर पर लगे जाम को देख कई राहगीर तो वापस लौट गए। वहीं इंजन में आई तकनीकी खराबी को दूर करने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।




























