
करवाचौथ की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं, संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):”जनपद हापुड़ से एक दिल दहला देने वाली और सनसनीखेज खबर सामने आई है। जिस रात सुहागिनों ने अपने पति की लंबी उम्र के लिए निर्जला करवाचौथ का व्रत रखा था, उसी रात एक घर में खुशियां मातम में बदल गईं। सिंभावली थाना क्षेत्र के बढ़्ढा गांव में करवाचौथ की देर रात एक नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के पंखे से लटका मिला। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है।”
“मिली जानकारी के मुताबिक, सिंभावली क्षेत्र के बढ़्ढा गांव के रहने वाले नवीन गुर्जर की शादी जौनपुर जिले के थाना जलालपुर के गांव मेघपुर की रहने वाली 24 वर्षीय अंतिमा के साथ हुई थी। मृतका का आठ महीने का एक मासूम बच्चा भी है। करवाचौथ के पावन पर्व पर जहां हर तरफ जश्न का माहौल था, वहीं इस परिवार में अचानक ऐसा क्या हुआ कि हंसता-खेलता सुहाग उजड़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ राहुल यादव और थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौधरी पुलिस बल व फॉरेंसिक टीम के साथ फौरन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फॉरेंसिक जांच के बाद शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं और अलग-अलग बिंदुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है।”
“फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने एक हंसते-खेल्ते परिवार को बिखेर कर रख दिया है और मासूम बच्चे के सिर से मां का साया छिन गया है।”
हापुड़ की विश्वसनीय कपड़ों की दुकान “रामदास मोहनलाल माहेश्वरी बजाज” से खरीदें लहंगा, लेडीज सूट, डिजाइनर साड़ियां, स्टॉल, ज्वेलरी बहुत कुछ: 9927870069




























