
बाबूगढ़ में धूमधाम से मनाया गया जन्माष्टमी पर्व
हापुड़, सीमन/ अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र की नगर पंचायत बाबूगढ़ छावनी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। नगर के विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और झांकियों का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
बाबूगढ़ छावनी स्थित परशुराम मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण का आकर्षक श्रृंगार किया गया तथा छप्पन भोग अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। देर रात तक चले भजन-कीर्तन में श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं ने भजनों पर नृत्य कर अपनी खुशी और आस्था व्यक्त की। मंदिर परिसर जय श्रीकृष्ण और राधे-राधे के जयघोषों से गूंज उठा।
वहीं, मोहन राम मंदिर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। बालिकाओं ने राधा रानी और गोपियों की वेशभूषा धारण कर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। उनकी सुंदर प्रस्तुतियों को देखकर उपस्थित श्रद्धालुओं ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत की गई श्रीकृष्ण लीला और राधा-कृष्ण की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
इसके अलावा मां चंडी मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से बर्फ की गुफा तैयार की गई, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। बर्फ की गुफा और सुंदर झांकियों के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और मनोहारी दिखाई दे रहा था।
जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर नगर के विभिन्न मंदिरों में प्रसाद वितरण का भी आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। देर रात भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही मंदिरों में घंटों, शंखनाद और जयघोषों की गूंज सुनाई दी, जिससे पूरा बाबूगढ़ छावनी क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में रंग गया।
हापुड़: “न्यू मेरठ स्वीट्स” आपके लिए लेकर लेकर आए हैं फैमिली AC रेस्टोरेंट: 9897693627, 9760414343

















