हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव महमूदपुर में राशन डीलर के खिलाफ मिल रही शिकायतों की जांच के लिए शुक्रवार को एआरओ जगन्नाथ राणा गांव पहुंचे और जांच शुरू की. इस दौरान जब राशन डीलर के स्टाक के कमरे की चाबी मांगी गई तो वह दे ना सका जिसके बाद अधिकारियों की मौजूदगी में ताला तोड़ दिया गया और अधिकारियों ने स्टॉक आदि का निरीक्षण किया.
बता दें कि हाफिजपुर में राशन डीलर अरुण कुमार के खिलाफ ग्रामीण पिछले काफी समय से राशन कम देने का आरोप लगा रहे थे. उन्हीं में से एक संजय कुमार भी हैं जिन्होंने मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से की. मामले में गंभीरता दिखाते हुए जांच शुरू की गई और एआरओ जगन्नाथ राणा महमूदपुर पहुंचे और जांच शुरू की. राशन डीलर अरुण कुमार से जब स्टॉक का कमरा खोलने के लिए कहा गया तो डीलर के पास चाबी नहीं मिली जिसके बाद ताला तोड़कर अधिकारी कमरे में घुसे और मौके पर मौजूद राशन का वजन तोल एक रिपोर्ट तैयार की जो कि जल्द ही उच्च अधिकारियों को सौंपी जाएगी.






























