
हापुड़ पुलिस लाइन के सामने अवैध कॉलोनी
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण अवैध कॉलोनी पर कितना भी चाबुक क्यों न चला ले, सब बेकार नजर आता है। अब एक ऐसा मामला प्रकाश में आया है जहां धंधेबाज बेखौंफ होकर अवैध कालोनी बसाने के काम को अंतिम रुप देने में जुटे है।
कस्बा बाबूगढ़ के नए बाईपास पर निर्माणाधीन पुलिस लाइन के सामने शिवा ढाबा के पीछे गांव चक्रसेनपुर बाबूगढ़ का इलाका है जहां कई हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में अवैध कॉलोनी को अंजाम दिया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार कॉलोनी के कारोबारी ने किसान की हजारों वर्ग मीटर कृषि भूमि खरीदी है जिस पर कालोनी काटी जा रही है। कॉलोनी तक पहुंचाने के लिए मुख्य हाइवे से रास्ता बनाया गया है और मिट्टी से भराव करके लंबे चौड़े रास्ते बनाए गए हैं तथा प्लाटिंग करने के लिए ईटें आ गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्लाटिंग के साथ-साथ कॉलोनी के मध्यम मार्ग पर दोनों और पौधारोपण किया जाएगा। यह कॉलोनी प्राधिकरण से स्वीकृत नहीं है। अवैध कॉलोनी में किसी भी भवन का प्राधिकरण मानचित्र स्वीकृत नहीं करता है। प्राधिकरण का कहना है कि प्लॉट खरीदने से पहले ग्राहक प्राधिकरण के दफ्तर से वास्तविक जानकारी प्राप्त कर ले।




















