
आईआईए धीरखेड़ा हापुड़ चैप्टर की जनरल मीटिंग सम्पन्न, एमएसएमई समस्याओं एवं बैंकिंग सेवाओं पर हुई विस्तृत चर्चा
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) धीरखेड़ा हापुड़ चैप्टर की जनरल मीटिंग शुक्रवार को दिल्ली रोड स्थित होटल ऑर्किड में आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का आयोजन अत्यंत गरिमामय वातावरण में किया गया, जिसमें क्षेत्र के अनेक उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
बैठक का शुभारंभ चैप्टर चेयरमैन पवन शर्मा द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान के साथ किया गया। इसके पश्चात चैप्टर चेयरमैन पवन शर्मा ने उपस्थित उद्यमियों को संबोधित करते हुए कहा कि आईआईए सदैव लघु एवं सूक्ष्म उद्योगों के हितों की रक्षा एवं उनकी समस्याओं के समाधान हेतु प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संगठन उद्योगों की आवाज को प्रशासन एवं शासन स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का कार्य कर रहा है।
बैठक में लघु एवं सूक्ष्म उद्योगों के समक्ष आने वाली विभिन्न समस्याओं जैसे बैंकिंग सुविधाएं, वित्तीय प्रबंधन, ऋण स्वीकृति प्रक्रिया, करंट अकाउंट पर उपलब्ध लाभ, सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आने वाली कठिनाइयों आदि विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक में विशेष रूप से आईसीआईसीआई बैंक के वरिष्ठ पदाधिकारी अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने उद्यमियों को बैंक द्वारा एमएसएमई क्षेत्र के लिए उपलब्ध विभिन्न योजनाओं, ऋण प्रक्रिया, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं, करंट अकाउंट पर मिलने वाले विशेष लाभों एवं औद्योगिक इकाइयों हेतु वित्तीय सहायता संबंधी जानकारियां विस्तार से प्रदान कीं। उपस्थित उद्यमियों ने बैंकिंग सेवाओं से जुड़े अपने प्रश्न पूछे, जिनका संतोषजनक समाधान किया गया।
इसके अतिरिक्त देश के प्रतिष्ठित कैश फ्लो विशेषज्ञ जगमोहन सिंह अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने उद्योगों में कैश फ्लो मैनेजमेंट के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किसी भी उद्योग की सफलता के लिए नकदी प्रवाह का सही प्रबंधन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सरल एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से उद्यमियों को बताया कि किस प्रकार बेहतर कैश फ्लो प्रबंधन से उद्योग को आर्थिक रूप से मजबूत एवं सुचारू रूप से संचालित किया जा सकता है।
आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने अपने संबोधन में आईआईए मुख्यालय द्वारा संचालित ऑनलाइन पोर्टल की विभिन्न सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सदस्य आईआईए मार्ट, व्हाट्सएप चैनल, ऑनलाइन शिकायत पंजीकरण प्रणाली, हेल्पलाइन नंबर, वर्चुअल हेल्प सेंटर तथा अन्य डिजिटल सेवाओं का लाभ उठाकर अपनी समस्याओं का त्वरित समाधान प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आईआईए निरंतर तकनीकी माध्यमों से उद्योगों को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है।
गोयल ने चैप्टर चेयरमैन पवन शर्मा एवं अन्य पदाधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि धीरखेड़ा हापुड़ चैप्टर लगातार सक्रियता के साथ उद्यमियों की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास कर रहा है।
बैठक के समापन अवसर पर सभी विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावशाली संचालन विजय शंकर शर्मा द्वारा किया गया।
बैठक में प्रमुख रूप से सचिव लवलीन गुप्ता, कोषाध्यक्ष सौरभ अग्रवाल, मंडलीय सचिव शांतनु सिंघल, सीईसी इनवाइटी राजेंद्र गुप्ता, ऑनलाइन मार्केटिंग कमेटी चेयरमैन अशोक छारिया, प्रमोद गोयल, धीरज चुग, सर्वेंद्र रस्तोगी, नीरज गुप्ता, कपिल अरोड़ा, अतुल गोयल, हरीश ग्रोवर, राजीव गर्ग सहित गाजियाबाद, मोदीनगर के अनेक उद्यमी बंधु उपस्थित रहे।
लाजपत नगर, चांदनी चौक का माल अब हापुड़ से खरीदें, 390 रुपए से शुरू: 9456414025























