
विश्व रक्तदाता दिवस पर आई ड्रीम टू ट्रस्ट सम्मानित, रक्तदाताओं ने लिया मानव सेवा का संकल्प
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर लाला लाजपत राय (एलएलआरएम) मेडिकल कॉलेज, मेरठ के ब्लड बैंक द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सामाजिक संस्था आई ड्रीम टू ट्रस्ट को थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों एवं जरूरतमंद मरीजों के लिए निरंतर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित करने तथा रक्तदान जागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर आई ड्रीम टू ट्रस्ट के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष राजन चौधरी ने संस्था की ओर से यह सम्मान प्राप्त किया। कार्यक्रम में संस्था के सक्रिय सदस्य युद्धवीर सिंह को भी मेडिकल कॉलेज ब्लड बैंक द्वारा उनके अनुकरणीय योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि युधवीर सिंह अब तक 60 बार स्वैच्छिक रक्तदान कर समाज के लिए प्रेरणास्रोत बन चुके हैं।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित सभी रक्तदाताओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने यह संकल्प लिया कि भविष्य में भी नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देंगे तथा अधिक से अधिक लोगों को इस महाअभियान से जोड़ेंगे।
इस अवसर पर राजन चौधरी ने कहा कि “रक्तदान केवल एक दान नहीं, बल्कि किसी की जिंदगी बचाने का सबसे बड़ा माध्यम है। आई ड्रीम टू ट्रस्ट पिछले कई वर्षों से थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए रक्त उपलब्ध कराने हेतु निरंतर रक्तदान शिविर आयोजित कर रहा है और आगे भी इसी समर्पण के साथ कार्य करता रहेगा।
युद्धवीर सिंह कहा कि हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी जरूरतमंद मरीज, विशेषकर थैलेसीमिया बच्चों को समय पर रक्त के अभाव में कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।”
उन्होंने सभी सम्मानित रक्तदाताओं, मेडिकल कॉलेज ब्लड बैंक की टीम तथा समाज के उन लोगों का आभार व्यक्त किया जो नियमित रूप से रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपना योगदान दे रहे हैं।
आई ड्रीम टू ट्रस्ट ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे रक्तदान को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझें और समय-समय पर रक्तदान कर किसी जरूरतमंद के जीवन में आशा की नई किरण बनें।
VIKAS GLOBAL SCHOOL || ADMISSION OPEN: NURSERY TO IX & XI : 8710848586, 8710868788























