टीबी के प्रति जन समुदाय को जागरूक करने में मदद करें : डीटीओ
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़, मोदीनगर रोड स्थित श्री माधव कॉलेज ऑफ एजुकेशन एंड टैक्नोलॉजी में बीएड छात्राओं का शनिवार को पांच दिवसीय शिविर संपन्न हो गया। शिविर के आखिरी दिन शनिवार को जिला क्षय रोग विभाग ने स्काउट एंड गाइड कैडेट्स का टीबी के प्रति संवेदीकरण किया। जिला क्षय रोग अधिकारी (डीटीओ) डा. राजेश कुमार सिंह ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा – टीबी कोई कलंक नहीं है, इसे छिपाने की जरूरत नहीं है। यह बैक्टीरिया से होने वाली एक बीमारी है, जो नियमित उपचार के बाद पूरी तरह ठीक हो जाती है। टीबी शरीर के किसी भी अंग में हो सकती है, हालांकि अधिकतर मामले फेफड़ों (पल्मोनरी) की टीबी के होते हैं। दरअसल फेफड़ों की टीबी संक्रामक होती है और यह सांस के जरिए फैलती है।

डीटीओ डा. राजेश सिंह ने कहा – टीबी की पहचान और उपचार में देरी खुद रोगी के लिए तो घातक होती ही है, उसके संपर्क में रहने वालों को भी संक्रमण होने का खतरा रहता है, इसलिए रोगी की जल्दी पहचान और उपचार जरूरी है। जल्दी पहचान और उपचार के लिए जन समुदाय का जागरूक होना जरूरी है। क्षय रोग विभाग निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता है। उन्होंने कैडेट्स से भी आव्हान किया कि टीबी के प्रति जागरूकता के लिए विभाग की मदद करें। आमजन को इसके लक्षणों के बारे में बताएं और लक्षण नजर आने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच कराने के लिए प्रेरित करें। सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर टीबी की जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध है।
जिला पीपीएम समन्वयक सुशील चौधरी ने अपने संबोधन में बताया – दो सप्ताह से अधिक खांसी या बुखार, खांसी में खून या बलगम आना, रात में सोते समय पसीना आना, वजन कम होना, थकान रहना और सीने में दर्द रहना टीबी के लक्षण हो सकते हैं। इनमें से एक भी लक्षण नजर आने पर टीबी की जांच कराना जरूरी है। जांच में टीबी की पुष्टि होने पर घबराने की जरूरत नहीं है। सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर उपचार की सुविधा उपलब्ध है। उपचार के दौरान बेहतर पोषण के लिए रोगी को सरकार हर माह पांच सौ रुपए का भुगतान निक्षय पोषण योजना के अंतर्गत करती है। पीपीएम समन्वयक ने टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य डा. मुनेश कुमार शर्मा, सह निदेशक कुलदीप कसाना, सहायक आचार्य डा. सचिन कुमार, डा. सपना शर्मा, डा. मीनू शर्मा और डा. अरुण कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। स्काउट एंड गाइड प्रशिक्षक प्रकाश चंद शर्मा का विशेष सहयोग रहा।
VIBGYOR INTERNATIONAL SCHOOL: Admissions Open from Pre-Nur to XI: 9027474537



























