
हापुड़: बच्चों की खिचड़ी में निकले कीड़े, रसोइया बर्खास्त
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ से एक लापरवाही भरा मामला सामने आया है। जहां सरकारी स्कूल में बच्चों की सेहत के साथ सरेआम खिलवाड़ किया जा रहा है। विकासखंड के बाबूगढ़ स्थित प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को परोसे गए ‘मिड-डे मील’ की खिचड़ी में कीड़े मिलने से हड़कंप मच गया है।
मामला सोमवार का है, जब स्कूल में बच्चों के लिए खिचड़ी तैयार की गई थी। कुछ बच्चे इस खिचड़ी को अपने टिफिन में घर ले गए। जब अभिभावकों ने टिफिन खोला, तो खिचड़ी में रेंगते हुए कीड़े देखकर उनके होश उड़ गए। गुस्साए अभिभावक जब शिकायत लेकर स्कूल पहुंचे, तो वहां कोई भी जिम्मेदार अधिकारी या शिक्षक मौजूद नहीं था। इसके बाद अभिभावकों ने शिक्षा विभाग से सीधी शिकायत दर्ज कराई। मंगलवार को जब मिड-डे मील प्रभारी प्रदीप चौधरी मामले की जांच करने स्कूल पहुंचे, तो अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा। अभिभावकों ने न सिर्फ खाने की घटिया गुणवत्ता पर सवाल उठाए, बल्कि शिक्षकों पर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि बच्चों से पढ़ाई कराने के बजाय पानी भरवाने और अन्य घरेलू काम कराए जाते हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मिड-डे मील प्रभारी प्रदीप चौधरी ने बताया कि स्कूल में तैनात महिला रसोइया को तुरंत प्रभाव से सेवा से हटा दिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Dhanwantari Distributors का Immurich Capsule अब घर पर बैठे मंगवाएं: 9837700010



















