
हापुड़: बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी कर रहा चोर रंगे हाथों दबोचा, 6500 रुपये बरामद
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ के मोहल्ला इंद्रगढ़ी में शुक्रवार रात चोरी की एक दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। ताला तोड़कर घर में घुसे एक चोर को परिजनों और स्थानीय निवासियों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। तलाशी लेने पर आरोपी की जेब से चोरी किए गए 6,500 रुपये भी बरामद हुए हैं।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है। पीड़ित और मोहल्ला इंद्रगढ़ी निवासी ललित गौतम ने बताया कि 2 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे वे खाना खाने के बाद गोंदी-सलाई रोड पर टहल रहे थे। जब वे कुछ दूरी पर स्थित अपने दूसरे मकान के पास पहुंचे, तो उन्हें अंदर से कुछ संदिग्ध आवाजें सुनाई दीं।
जब ललित ने अंदर जाकर देखा, तो एक अज्ञात व्यक्ति कमरे की दीवार से बाहर कूदकर भागने का प्रयास कर रहा था। उन्होंने बिना देरी किए दौड़कर उसे दबोच लिया। इसी दौरान शोर सुनकर पास के मोहल्ले के मुकेश और अशोक भी मौके पर आ पहुंचे।
जांच करने पर पता चला कि कमरे के दरवाजे पर लगा ताला टूटा हुआ था और उसमें रखे 6,500 रुपये गायब थे, जो बाद में आरोपी की जेब से बरामद कर लिए गए। मामले की जानकारी देते हुए सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और पुलिस पूरे मामले की कानूनी कार्रवाई व जांच में जुटी हुई है।
कमल डोसा प्लाजा पर चखें मधुबन बड़ा व स्वादिष्ट डोसे का स्वाद: 7017570838, 7668606012*




















