
हापुड़: कॉलेज के गेट से छात्र के अपहरण का आरोप, कार में डालकर बेरहमी से पीटा
हापुड़, सीमन/ संजय कश्यप (ehapurnews.com): हापुड़ में एसएसवी पीजी कॉलेज के गेट से बीएससी तृतीय वर्ष के एक छात्र के अपहरण और मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित छात्र कैफ के भाई जावेद खान पुत्र निजामुद्दीन निवासी ईदगाह रोड शिवदयालपुरा हापुड़ ने हापुड़ नगर कोतवाली में तहरीर देकर पिलखुवा निवासी ऋषभ और उसके 4-5 अज्ञात साथियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर के मुताबिक, 28 अक्टूबर को दोपहर करीब 2:10 बजे पीड़ित छात्र अपने कॉलेज पहुंचा था। आरोप है कि वहां कुछ युवकों ने छात्र कैफ खान को जबरन कार में डाल लिया और अनवरपुर-नयागांव रोड की ओर ले जाकर सुनसान जगह पर उसके साथ मारपीट की।
पीड़ित के भाई का आरोप है कि आरोपियों ने बेल्ट और लोहे की कड़ियों से उसके भाई को बुरी तरह पीटा। इस दौरान जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए अपमानित किया गया। आरोपियों ने पीड़ित का मोबाइल फोन तोड़ दिया और जेब में रखे करीब 1400 रुपये भी गिर गए।
आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने वीडियो भी रिकॉर्ड की और धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। पीड़ित को बरामद कर उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पीड़ित के भाई ने 29 अक्टूबर को पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
DIVYANSH ARYA HEIGHTS: EXCLUSIVE 3 & 4 BHK RESIDENCES: 9762489492



























