
हापुड़: रोडवेज कर्मचारियों का अल्टीमेटम, 16 नवंबर तक मांगें पूरी न हुईं तो 17 से होगा उग्र प्रदर्शन
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। संगठन ने क्षेत्रीय प्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर 16 नवंबर तक का अल्टीमेटम दिया है। चेतावनी दी गई है कि यदि समय रहते समस्याएं हल नहीं हुईं, तो 17 नवंबर से क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया जाएगा।
हापुड़ शाखा अध्यक्ष केशव सिंह ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि क्षेत्रीय प्रबंधक की तैनाती के बाद से कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान पूरी तरह ठप पड़ा है। कर्मचारियों की पदोन्नति, एसीपी (ACP), पात्र चालकों को बसों का आवंटन, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बकाये का भुगतान, संविदा कर्मियों के वेतन और वर्दी वितरण जैसे कई अहम मामले बरसों से लंबित हैं। शासन और परिवहन निगम मुख्यालय से सख्त निर्देश जारी होने के बावजूद इन पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इतना ही नहीं, शाखा मंत्री हैदर अली ने क्षेत्रीय प्रबंधक पर कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने, गाली-गलौज और नौकरी से निकालने व स्थानांतरण की धमकी देने तक के गंभीर आरोप लगाए हैं।
उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने बताया कि 28 सितंबर और 13 अक्टूबर को पत्र भेजकर समस्याओं के समाधान की मांग की गई थी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद 26 अक्टूबर को हुई प्रबंध समिति की बैठक में यह कड़ा निर्णय लिया गया।
अब देखना यह होगा कि 16 नवंबर की समयसीमा खत्म होने से पहले प्रशासन इन नाराज कर्मचारियों की सुध लेता है या फिर 17 नवंबर से रोडवेज कर्मचारियों का यह गुस्सा आंदोलन का रूप लेगा।
हापुड़: पायल डिजाइनर कलेक्शन से होलसेल दामों पर खरीदे लेडीज़ कलेक्शन: 7417105068


























