हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): निकाय चुनाव के दूसरे चरण का काउंटडाउन शुरू हो गया है। जनपद हापुड़ की चारों निकायों के लिए 11 मई को मतदान होंगे। हापुड़ नगर पालिका परिषद के चेयरमैन पद का चुनाव दिलचस्प होता जा रहा है और प्रत्याशी जीत हासिल करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। मंगलवार को हापुड़ में गठबंधन की प्रत्याशी आदेश गुड्डू की भाभी पूजा के समर्थन में वोट मांगने के लिए आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर रावण पहुंचे जिन्होंने रोड शो के माध्यम से केतली पर मोहर लगाने की अपील की।
हापुड़ के ततारपुर मोड से शुरू हुए रोड शो ने सोटावली, भीमनगर, गढ़ चुंगी, मीनाक्षी रोड, तगासराय, सिकंदर गेट, बुलंदशहर रोड स्थित आवास विकास, मजीदपुरा समेत हापुड़ के विभिन्न इलाकों में प्रचार किया। हापुड़ नगर पालिका परिषद के चेयरमैन पद पर समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय लोक दल और आजाद समाज पार्टी ने गठबंधन कर आदेश गुड्डू की भाभी पूजा को प्रत्याशी बनाया है जिसके समर्थन में रावण ने मंगलवार को वोट मांगे।






















