
हापुड़ : देर रात प्रॉपर्टी डीलरों की कार घेरकर ताबड़तोड़ 5 राउंड फायरिंग, बाल-बाल बची जान
हापुड़, सीमन/संजय कश्यप (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र में स्थित देर रात बेखौफ बदमाशों ने दो प्रॉपर्टी डीलरों की कार को रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुए इस हमले से इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव वैट के रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर मोहम्मद कादिर और समीर देर रात अपनी कार से स्वर्ग आश्रम रोड की तरफ जा रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी वझीलपुर के पास पहुंची, तभी बाइक पर सवार होकर आए चार युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि हमलावरों ने पहले दोनों प्रॉपर्टी डीलरों को धमकाया और फिर देखते ही देखते कार पर करीब 5 राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गनीमत यह रही कि इस अंधाधुंध फायरिंग में किसी को गोली नहीं लगी और बड़ा हादसा टल गया।
फायरिंग से घबराए दोनों प्रॉपर्टी डीलरों ने किसी तरह कार को वहां से भगाकर अपनी जान बचाई और तुरंत ‘डायल 112’ पर पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मेरठ की तरफ फरार हो चुके थे।
थाना प्रभारी पारस मलिक के अनुसार, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।हमलावरों की पहचान करने और वारदात की वजह जानने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मोना ड्रीम गैलरी से 999/- की शॉपिंग पर 1 GIFT FREE: 9927143205, 7817840559





















