
हापुड़: कोठीगेट राजकीय महिला चिकित्सालय में प्रसव के दौरान नवजात की मौत, परिजनों ने किया हंगामा!
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):जनपद हापुड़ के कोठीगेट स्थित राजकीय महिला चिकित्सालय में प्रसव के दौरान एक नवजात की मौत हो गई, जिसके बाद अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार, रफ़ीकनगर निवासी पप्पू की पत्नी को प्रसव पीड़ा होने पर बुधवार को कोठीगेट स्थित राजकीय महिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों द्वारा महिला का सामान्य प्रसव कराया गया, लेकिन चिकित्सकों का दावा है कि बच्चा मृत हालत में ही पैदा हुआ था। इस घटना के बाद परिजन प्रसूता को एक निजी अस्पताल में ले गए। इसके बाद मामला तब और गरमा गया जब गुरुवार को परिजन दोबारा अस्पताल पहुंचे और चिकित्साकर्मियों पर मरीज के साथ अच्छा बर्ताव न करने और इलाज में लापरवाही बरतने का गंभीर आरोप लगाया। हालांकि, मौके पर मौजूद अस्पताल के प्रभारी डॉ. राकेश यादव ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि गर्भवती महिला को अत्यधिक प्रसव पीड़ा होने पर परिजन अंतिम समय में अस्पताल लेकर आए थे। महिला का सामान्य प्रसव कराया गया, लेकिन बच्चा गर्भ में ही दम तोड़ चुका था। अस्पताल प्रशासन द्वारा समझाने-बुझाने के बाद परिजनों को शांत कराकर वापस भेज दिया गया है।
कैलकुलेटर से भी तेज दौड़ेगा दिमाग, सीखें अबेकस (Abacus) व वैदिक मैथ्स (Vedic Maths) 9219237480


























