
हापुड़ : मां के श्राद्ध में आ रहे बाइक सवार दंपती से टकराया नीलगायों का झुंड, पति की मौत, पत्नी गंभीर
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। जहां अपनी मां के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे एक बाइक सवार दंपती की बाइक के सामने अचानक नीलगायों का झुंड आ गया। जोरदार टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर सड़क पर गिरी बाइक से दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान पति की मेरठ में मौत हो गई, जबकि पत्नी का पिलखुवा के अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पूरा मामला बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बछलौता का है। जानकारी के अनुसार, 40 वर्षीय राजू कुमार अपनी पत्नी मेहंदी देवी के साथ ससुराल में रह रहे थे। कुछ दिन पहले ही उनकी मां प्रेम देवी का निधन हुआ था। मंगलवार को राजू अपनी पत्नी के साथ मां के श्राद्ध में शामिल होने अपने गांव बछलौता आ रहे थे। कनिया कल्याणपुर के पास पहुंचते ही अचानक सड़क पर नीलगायों का झुंड आ गया। जब तक राजू बाइक संभाल पाते, नीलगायों से जोरदार भिड़ंत हो गई और दोनों सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए।
हादसे के बाद स्थानीय राहगीरों और परिजनों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। राजू की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेरठ के सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शनिवार दोपहर इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं उनकी पत्नी का इलाज पिलखुवा के अस्पताल में जारी है। मृतक राजू मुरादपुर में परचून की दुकान चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। पहले मां और अब बेटे की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मामले में थाना बाबूगढ़ प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि पुलिस द्वारा पूरे हादसे की जांच की जा रही है।
लाजपत नगर, चांदनी चौक का माल अब हापुड़ से खरीदें, 390 रुपए से शुरू: 9456414025





















