हापुड़, सीमन/अशोक तोमर (ehapurnews.com): हापुड़ के औद्योगिक क्षेत्र धीरखेड़ा में मंगलवार की मध्यरात्रि को बदमाशों ने एक मुर्गी दाना फैक्ट्री पर धाबा बोल दिया और पिकअप गाड़ी में मुर्गी दाना की बोरियां लाद कर ले गए। चोरी गए माल की कीमत आठ लाख रुपए बताई जा रही है। चोरी की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ लग गई।
हापुड़ के मौहल्ला कोटला मेवातियान के अमजद ने धीरखेड़ा क्षेत्र में एक फैक्ट्री किराए पर लेकर मुर्गी दाना बनाने का कारोबार एस.आर. एग्रोवेट नाम से शुरु किया। फैक्ट्री में दर्जनों श्रमिक काम करते है। मंगलवार की शाम को अमजद फैक्ट्री का ताला लगा कर घर चले गए।
सीसीटीवी फुटेज से पता चलता है कि मंगलवार की मध्यरात्रि के करीब फैक्ट्री के तीन ताले तोड़कर एक पिकअप में व बाइक पर सवार होकर 5-6 लोग प्रवेश करते है और करीब डेढ़ घंटे बाद माल से लदी पिकअप बाहर निकलती है। बुधवार की सुबह जब श्रमिक कार्य करने के लिए फैक्ट्री पर पहुंचे तो सनसनीखेज इस चोरी का पता चला।





























