क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम: एचडब्ल्यूसी पर लक्षणयुक्त व्यक्तियों की टीबी जांच के मामले में हापुड़ तीसरे नंबर पर
– जिले में हुआ सौ फीसदी टीबी नोटिफिकेशन
– टीपीटी और एचआईवी स्क्रीनिंग भी शत-प्रतिशत
– शासन से हुई मार्किंग में 81.3 प्रतिशत अंक मिले
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़, 20 जून, 2023। जिले को वर्ष 2025 तक टीबी मुक्त करना है, प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए आमजन को भी जागरूक होना होगा, केवल स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों से यह संभव नहीं है। जिला क्षय रोग अधिकारी (डीटीओ) डा. राजेश सिंह ने बताया – मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) सुनील कुमार त्यागी के निर्देशन में लगातार जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है ताकि टीबी उन्मूलन कार्यक्रम को जन आंदोलन बनाया जा सके। किसी को भी खांसते हुए देखें तो उसे टीबी के लक्षणों के बारे में बताएं और टीबी जांच के लिए प्रेरित करें। सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर टीबी की जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध है और नियमित उपचार से टीबी पूरी तरह ठीक हो जाती है।

डीटीओ डा. राजेश सिंह ने बताया – हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर्स (एचडब्ल्यूसी) के जरिए की जा रही लक्षण युक्त व्यक्तियों की टीबी जांच करने के मामले में हापुड़ जिले को सूबे में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। जनवरी से मई-2023 तक की गई टीबी जांच की शासन से रैकिंग की गई है। 100 प्रतिशत जांच करके शामली जनपद पहले नंबर पर और 98 प्रतिशत के साथ संत कबीर नगर दूसरे नंबर पर रहा है। हापुड़ जनपद लक्षण् युक्त व्यक्तियों की 89.9 प्रतिशत जांच कर सूबे में तीसरे पायदान पर रहा है।
डा. राजेश सिंह ने बताया – क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम की मार्किंग की बात करें तो जिले को 81.3 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं। यह मार्किंग जिले में हुए शत-प्रतिशत टीबी नोटिफिकेशन, सभी क्षय रोगियों के परिवार के पांच वर्ष तक के बच्चों को दी गई टीबी प्रीवेंटिव थेरेपी (टीपीटी) क्षय रोगियों की शत-प्रतिशत एचआईवी और शुगर स्क्रीनिंग और डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर यानि हर माह क्षय रोगियों को दी जाने वाली पांच सौ रुपए की राशि) के आधार पर हुई है।
डीटीओ डा. राजेश सिंह ने बताया – जिले में वर्तमान में 1446 क्षय रोगी उपचार ले रहे हैं। सभी क्षय रोगियों के परिवार में मौजूद पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को टीपीटी दी गई है। सौ प्रतिशत टीपीटी के साथ सूबे में हापुड़ जिला बागपत, उन्नाव और बुलंदशहर के बाद चौथे नंबर पर रहा। सभी क्षय रोगियों की एचआईवी और शुगर स्क्रीनिंग की गई है। सौ फीसदी स्क्रीनिंग के साथ इस मामले में कासगंज और गोरखपुर जनपद के बाद हापुड़ तीसरे पायदान पर रहा।

जिला पीपीएम समन्वयक सुशील चौधरी ने बताया – जनवरी से मई तक जिले में कुल 1577 सीबीनॉट जांच कर 528 क्षय रोगी और 34 एमडीआर (मल्टी ड्रग रेजिस्टेंट) टीबी के मरीज खोजे गए। जिले में प्रति लाख आबादी पर 1495 सीबीनॉट जांच कर हापुड़ जनपद सूबे में पांचवें नंबर पर है। उन्होंने बताया – हर क्षय रोगी की सीबीनॉट जांच करने की गाइड लाइन है, दरअसल यह मशीन जांच के दौरान टीबी होने के लिए जिम्मेदार जीवाणु की फेमिली हिस्ट्री खोजकर रोगी के लिए उपयुक्त उपचार तय करने में भी मदद करती है।
फंगल (दाद), बालों का झड़ना, चर्म रोग, गुप्त रोग आदि, महिला मरीज के लिए महिला चिकित्सक : 9719123457























