
हापुड़, सीमन/संजय कश्यप (EHapurNews.com): जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के पक्का बाग चौराहे पर एक व्यापारी पर दबंगों ने लोहे की रोड से हमला कर दिया जिससे व्यापारी का सिर फट गया। व्यापारी के हाथ में भी चोट आई है जिसके बाद गुस्साए व्यापारी हापुड़ कोतवाली पहुंचे। बताया जा रहा है कि करीब 100 व्यापारी एकत्र होकर हापुड़ कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का दावा है जल्द ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा और आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। हापुड़ के श्रीनगर के रहने वाले 50 वर्षीय सचिन गर्ग पुत्र नरेश गर्ग पक्का बाग चौराहा पर सैनेटरी की दुकान करते हैं। बताया जा रहा है कि मंगलवार को कुछ लोग सामान खरीदने के लिए पहुंचे। पिछले रुपयों के लिए व्यापारी ने तकादा किया तो आरोपियों ने पीड़ित व्यापारी के साथ मारपीट की जिसके बाद गुस्साए हमलावर मंगलवार की शाम फिर दुकान पहुंचे और लोहे की रोड से पीड़ित व्यापारी सचिन गर्ग पर हमला कर दिया। इस दौरान व्यापारी के हाथ और सिर पर चोट आई है। इस घटना से व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए व्यापारी हापुड़ कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।






















