
हापुड़: घर में घुसकर जानलेवा हमला, सुनवाई न होने पर युवती ने कोतवाली पहुंच छिड़का पेट्रोल
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ नगर के मोदीनगर रोड स्थित मोती कालोनी की रहने वाली पीड़िता पायल पर कुछ दिन पहले पड़ोस की एक महिला और उसके 10 से ज्यादा साथियों ने घर में घुसकर जानलेवा हमला किया था। इस हमले में पीड़िता के सिर में गंभीर चोट आई थी और डॉक्टरों को उसके सिर में करीब 17 टांके लगाने पड़े थे।
पीड़िता का आरोप है कि उसने चौकी, कोतवाली और यहां तक कि एसपी को भी शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की थी, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। लगातार चक्कर काटने और सुनवाई न होने से आहत होकर बुधवार को पीड़िता अपनी शिकायत लेकर फिर नगर कोतवाली पहुंची।
खास बात यह रही कि जिस समय पीड़िता कोतवाली पहुंची, उसी दौरान परिसर में डीआईजी कलानिधि नैथानी का निरीक्षण चल रहा था। आरोप है कि कोतवाली में तैनात पुलिसकर्मियों ने पीड़िता को मुख्य गेट से ही वापस भेज दिया। पुलिस के इस रवैये से दुखी होकर पीड़िता ने कोतवाली के मुख्य गेट पर खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया और आग लगाने की कोशिश की।
युवती को ऐसा करते देख वहां मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे तुरंत पकड़ लिया और बड़ा हादसा होने से रोक लिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मामले की सूचना मिलते ही सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पीड़िता को निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।
कोतवाली प्रभारी सुरेश कुमार सिंह के अनुसार, पीड़िता की शिकायत की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग के लिए अब रविवार को भी डॉक्टर शिशिर गुप्ता से लें परामर्श: 8979824365





















