
हापुड़: पेटीएम कर्मचारी बनकर खाते से उड़ाए 60 हजार रुपए, कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ की गढ़ रोड स्थित एक होटल के संचालक अमित कुमार के साथ एक संदिग्ध व्यक्ति ने पेटीएम कर्मचारी बनकर ₹60,000 की ठगी को अंजाम दिया। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उसके पश्चात पीड़ित व्यापारी ने न्यायालय का रुख किया। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हापुड़ ने मामले में पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
हापुड़ की गढ़ रोड पर पक्का बाग पर स्थित होटल के संचालक अमित कुमार के अधिवक्ता अंकित कुमार अग्रवाल ने बताया कि होटल पर लगे पेटीएम सिस्टम के वॉइस अनाउंसमेंट में फरवरी में किसी कारण समस्या आ गई। 20 फरवरी को एक अज्ञात व्यक्ति होटल पर पहुंचा और खुद को पेटीएम कंपनी का कर्मचारी बताते हुए समस्या दूर करने की बात कही। युवक ने उनका मोबाइल फोन लेकर उनके खाते से अलग-अलग बार में कुल ₹60,000 ट्रांसफर कर लिए। पीड़ित ने जब पासबुक पूरी की तो उन्हें ठगी का अहसास हुआ जिन्होंने पुलिस से शिकायत की लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। ऐसे में पीड़ित ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने हापुड़ कोतवाली पुलिस को मामले में मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
MONAD UNIVERSITY: ADMISSION OPEN 2026-2027 || Free Education for Girls in Selected Courses: 8475074951,52
























