हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ की तीर्थ नगरी गढ़मुक्तेश्वर के बृजघाट में पार्किंग के नाम पर प्रवेश करते समय अवैध वसूली की जा रही है। यहां ठेकेदार द्वारा अवैध रुपए से पार्किंग के नाम पर प्रवेश शुल्क लिया जा रहा है। सड़क पर गढ़मुक्तेश्वर पुलिस के बैरियर के पास अवैध रूप से पार्किंग के नाम पर प्रवेश शुल्क वसूला जा रहा है। आने वाले श्रद्धालुओं ने इस शुल्क को गुंडा टैक्स करार दिया है। ठेकेदार के कर्मचारी दबंगई और गुंडई के बल पर यहां आने वाली गाड़ियों से टैक्स वसूल रहे हैं जबकि ठेकेदार को पार्किंग का ठेका मिला हुआ है। ऐसे में अवैध प्रवेश शुल्क पर अधिकारियों की संलिप्तता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि यह अवैध रूप से वसूली की जा रही है।
बताते चलें कि पिछले वर्ष 13 जुलाई को गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने पार्किंग के ठेकेदार पीयूष भारती के खिलाफ निर्धारित स्थानों से अतिरिक्त अन्य स्थानों पर अधिक वसूली करने के आरोप में धारा 384 के तहत मुकदमा दर्ज किया था लेकिन यह कार्रवाई सिर्फ कागजों तक ही सिमटी रह गई। आलम यह है कि अभी तक इस अवैध वसूली पर रोक नहीं लग सकी है जिसकी वजह से श्रद्धालुओं में बेहद नाराजगी है।





























