
जीएस आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
हापुड़, सीमन/रियाज़ अहमद (ehapurnews.com): ग्राम अतरौली में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने तथा जन-जन तक आयुर्वेद का लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से जीएस आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल द्वारा एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान हेतु परामर्श प्राप्त किया।
शिविर का संचालन अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अरुण के नेतृत्व में किया गया। उनके साथ आए कुशल चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की टीम ने मरीजों की गहनता एवं संवेदनशीलता के साथ जांच की। शिविर में आए मरीजों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ रोगानुसार विस्तृत परामर्श दिया गया।
मरीजों को वात, पित्त और कफ की प्रकृति के आधार पर उपयुक्त आयुर्वेदिक औषधियाँ वितरित की गईं तथा आहार–विहार संबंधी उपयोगी सुझाव भी प्रदान किए गए। डॉ. अरुण ने ग्रामीणों को मौसमी बीमारियों से बचाव, स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
शिविर का निरीक्षण करते हुए ग्राम अतरौली के ग्राम प्रधान आकाश तोमर ने जीएस आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष संस्था द्वारा गाँव में कई बार निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनसे बुजुर्गों, महिलाओं एवं बच्चों को उनके घर के निकट ही उच्च गुणवत्ता वाली आयुर्वेदिक चिकित्सा सुविधाएँ प्राप्त हो रही हैं।
ग्राम प्रधान आकाश तोमर ने सफल आयोजन के लिए समस्त आयोजक मंडल का विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम के समापन पर अस्पताल प्रबंधन की ओर से यह आश्वासन दिया गया कि समाज सेवा का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। निकट भविष्य में अतरौली सहित आसपास के अन्य ग्रामों में भी इसी प्रकार के निःशुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्वस्थ, सशक्त एवं निरोगी भारत के निर्माण में सहयोग मिल सके।
Dhanwantari Distributors का Immurich Capsule अब घर पर बैठे मंगवाएं: 9837700010



























