
गढ़: पैरों से तैयार की जा रही सेवई, कचरी में मिलाया अधिक रंग
हापुड़, सीमन/ संजय कश्यप (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ में लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। ताजा मामला जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र की मेरठ रोड से सामने आया है जहां एक मकान में बेहद ही गंदे तरीके से सेवइयां बनाई जा रही थी। पैरों से सेवई का निर्माण हो रहा था। इसी के साथ कचरी में अधिक रंग डालकर बाजार में बेचा जा रहा था। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए रंगीन कचरी के नमूने संग्रहित किए जबकि सेवई के निर्माण को लेकर इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि अधिकारियों के निर्देश पर बुधवार को उन्होंने गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र की मेरठ रोड पर स्थित एक मकान पर छापा मारा। होली के दृष्टिगत रंगीन कचरी बनाने की सूचना पर उन्होंने छापामार कार्रवाई की। इस दौरान उन्होंने पाया कि यहां पर ईद के चलते सेवाइयों का निर्माण भी कराया जा रहा है। रंगीन कचरी के नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला भेज दिए जबकि सेवई के निर्माण को लेकर इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया है।
लोगों का कहना है कि यहां पर पैरों से सेवई बनाई जा रही थी। वहीं 13 कुंतल रंगीन कचरी को विभाग ने सीज किया है।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग की पीड़ित महिलाएं अब रविवार को भी डॉ. रुचिका गुप्ता से ले सकेंगी परामर्श: 8979824365





























