हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के अंतर्गत सोमवार की दोपहर दो बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गई जिससे चार लोग घायल हो गए जिनमे से दो बाइक सवारों की हालत गंभीर बनी हुई है जिन्हें आनन-फानन में हापुड़ की गढ़ रोड पर स्थित देवनंदनी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका उपचार चल रहा है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुनील कुमार पुत्र कृष्णा निवासी मवाना खुर्द मेरठ तथा आकाश पुत्र भोपाल निवासी जोगीपुरा हापुड़ अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर जोगीपुरा से हापुड़ की ओर आ रहे थे. बता दें कि सुनील और आकाश दोनों साडू हैं जिनकी बाइक पर उनके परिचित भी बैठे हुए थे. जैसे ही दोनों बाइकें हापुड़ देहात क्षेत्र के गांव असौड़ा पुलिया के पास पहुंची तो सामने चल रहे ट्रैक्टर ने अचानक ट्रैक्टर मोड़ दिया जिससे बाइक की ट्रैक्टर से जबरदस्त भिड़ंत हो गई. बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर मेरठ की ओर से आ रहा था जिसने अचानक ट्रैक्टर मोड़ दिया. हादसे के दौरान चार लोग घायल हो गए जिन्हें 112 पीआरवी में तैनात कॉन्स्टेबल सुमित, तनुज और चालक सुंदर पाल ने अस्पताल में भर्ती कराया जिनका उपचार फिलहाल जारी है.























