बाइक-ऑटो की आमने-सामने की भिड़ंत में चार घायल
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ की मेरठ रोड पर स्थित असौड़ा पेट्रोल पंप के पास शनिवार की देर शाम बाइक और ऑटो की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इस दौरान बाइक पर सवार दो लोग व दो राहगीर घायल हो गए जिन्हें राहगीरों ने पुलिस की सहायता से 108 एंबुलेंस के जरिए अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों में से एक की हालत नाजुक बनी हुई है जिसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया है। बताया जा रहा है कि ऑटो चालक मौके से भाग खड़ा हुआ।
एक बाइक मेरठ की ओर से आ रही थी जिस पर दो लोग सवार थे। राहगीरों ने बताया कि बाइक सवारों ने हेलमेट लगाया हुआ था। वहीं सामने से एक आ रहे ऑटो से बाइक की भिड़ंत हो गई।
आमने-सामने की इस भिड़ंत में बाइक पर सवार दोनों लोग दूर जाकर गिरे। वहीं राहगीर भी हादसे की चपेट में आ गए। मौके से गुजर रहे भाजपा कार्यकर्ता मोहित पाल ने पुलिस को मामले से अवगत कराया जिसके बाद पुलिसकर्मी उमंग त्यागी व सत्येंद्र मौके पर पहुंचे। वहीं सूचना पाकर 108 एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची जिसने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
सड़क हादसे में 48 वर्षीय अनवर खान उर्फ काले पुत्र इकबाल निवासी मुजफ्फरपुर संभल गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि अनवर के पैर में काफी ज्यादा चोट आई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।






















