
फरवरी में हुआ था ₹21 करोड़ की सड़क का शिलान्यास, आज भी अधूरा निर्माण, कांवड़ यात्रा व बरसात के बीच बढ़ी चिंता
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):हापुड़। लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा लगभग ₹21 करोड़ की लागत से चौधरी ताराचंद जनता इंटर कॉलेज, हापुड़ से ग्राम गौंदी, सुल्तानपुर , सलाई, काठीखेड़ा, कांकर, अयादनगर होते हुए भटेल तक संपर्क मार्ग के चौड़ीकरण एवं नवीनीकरण कार्य का फरवरी 2026 में सांसद अरुण गोविल तथा विधायक विजय पाल सिंह आढ़ती की उपस्थिति में शिलान्यास किया गया था। शिलान्यास के समय क्षेत्रवासियों को उम्मीद जगी थी कि वर्षों से लंबित इस महत्वपूर्ण सड़क का निर्माण शीघ्र पूरा होगा और लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।
लेकिन कई महीने बीत जाने के बाद भी सड़क निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। कहीं सड़क बन चुकी है तो कई स्थानों पर खुदाई, गड्ढे, मिट्टी के ढेर और अधूरा निर्माण लोगों की परेशानी का कारण बने हुए हैं।
यह मार्ग गौंदी, सलाई, सुल्तानपुर, काठीखेड़ा, कांकर, अयादनगर और भटेल सहित अनेक गांवों की जीवनरेखा है। प्रतिदिन इसी रास्ते से छात्र-छात्राएँ, किसान, व्यापारी, एम्बुलेंस और हजारों ग्रामीण आवागमन करते हैं।
अब बरसात का मौसम शुरू हो चुका है और कांवड़ यात्रा भी निकट है। इस मार्ग से भी बड़ी संख्या में कांवड़ श्रद्धालुओं तथा स्थानीय लोगों का आवागमन होता है। अधूरी सड़क, कीचड़ और गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। सड़क निर्माण कार्य तो चल रहा है मगर बहुत धीमी गति से चल रहा है यदि समय रहते निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ तो कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि जब परियोजना का शिलान्यास हो चुका है और करोड़ों रुपये की लागत स्वीकृत है, तब निर्माण कार्य में इतनी धीमी गति समझ से परे है। लोगों ने मांग की है कि कार्य की गुणवत्ता बनाए रखते हुए इसे युद्धस्तर पर पूरा कराया जाए।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी हापुड़, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता तथा संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि जनहित, बरसात और कांवड़ यात्रा की संवेदनशीलता को देखते हुए सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और इसे शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि हजारों ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग की पीड़ित महिलाएं अब रविवार को भी डॉ. रुचिका गुप्ता से ले सकेंगी परामर्श: 8979824365























