
पिलखुवा टोल प्लाजा के पास रोडवेज बस में लगी आग, चालक-परिचालक ने समय रहते पाया काबू
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पिलखुवा टोल प्लाजा से लगभग 100 मीटर पहले सोमवार की देर रात दिल्ली की ओर एक रोडवेज बस में आग लगने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस के मुताबिक, रुहेलखंड डिपो की रोडवेज बस नई दिल्ली से बरेली जा रही थी। पिलखुवा टोल प्लाजा के पास बस में शॉर्ट सर्किट के कारण मामूली आग लग गई। आग लगते ही बस चालक और परिचालक ने तत्परता दिखाई और बस में उपलब्ध पानी की मदद से आग पर तत्काल काबू पा लिया।
घटना के दौरान बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी भी यात्री के घायल होने अथवा किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। पुलिस ने यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद बस को सड़क किनारे खड़ा कराया और बाद में उसे मौके से हटवा दिया। घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। फिलहाल मौके पर पूरी तरह शांति है और यातायात भी सामान्य रूप से संचालित हो रहा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग की पीड़ित महिलाएं अब रविवार को भी डॉ. रुचिका गुप्ता से ले सकेंगी परामर्श: 8979824365





















