जनपद हापुड़ में कोरोना वायरस से पीड़ितों की संख्या 17 हो जाने से जिला प्रशासन व पुलिस लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने पर उतार आया है, परन्तु लोग हैं कि मानते नहीं। पुलिस ने लॉकडाउन का उल्लंघन करने के आरोप में धारा 188 के तहत एक ही दिन में 50 से अधिक लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। बफर जोन इलाके तो पूरी तरह सील हैं।
जिला प्रशासन ने आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी हेतु सुबह 7 बजे से 10 बजे तक लॉकडाउन में शिथिलता दी हुई है। रोजाना भोर होते ही चंडी रोड, पक्का बाग, अतरपुरा चौपला, रेलवे रोड तथा गढ़ रोड पर लोगों की भीड़ पड़ती है और सोशल डिस्टेंसिंग का कोई पालन नहीं होता।
दोपहर के वक्त तो भीषण गर्मी के कारण लोग घरों में छिप जाते हैं, परन्तु दिन ढलते ही घरों से निकल कर सड़कों पर आ जाते हैं। लोग मास्क लगाए बिना ही सड़कों पर चहल कदमी करते हैं। लॉकडाउन उल्लंघन की वाडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं। यह पुलिस की शिथिलता का ही परिणाम है कि सुबह 7 बजे से लेकर 10 बजे तक हापुड़ में सभी प्रकार की दुकानें खुली रहती हैं।























