मुख्यमंत्री से मिलकर किसान हुए गदगद
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के लखनऊ में हुई किसानों की महापंचायत का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। यूनियन के एक प्रतिनिधिमंडल ने सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट की और मुख्यमंत्री ने किसानों की मांग को पूरा करने का आश्वासन दिया है। हापुड़ से महापंचायत में शामिल हुए किसान नेता पवन हुण व राजेंद्र गुर्जर ने बताया कि संगठन के एक प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री से वार्ता की और मुख्यमंत्री ने किसानों की मांगों को पूरा करने का आश्वास दिया।
किसानों की मांगे- शत प्रतिशत सब्सिडी निजी नलकूपों के बिजली बिल मे दी जाए। चौदह दिन में गन्ने का भुगतान न होने पर ब्याज दिलाया जाए। आवारा पशुओं को पकड़ा जाए। किसानों को पूर्व की भांति निजी नलकूप के लिए सामान्य योजना में बिजली कनेक्शन दिए जाएं। फतेहपुर में निजी या सरकारी चीनी मिल लगाई जाए बिजनौर की नजीबाबाद, मुजफ्फरनगर की मोरना चीनी मिल की क्षमता वृद्धि की जाए। गांवों में कैंप लगाकर खसरे- खतौनी को दुरुस्तीकरण, विरासत दर्ज मौके पर ही किया जाए।
यह मिला आश्वासन- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर वार्ता के लिए आए भारतीय किसान यूनियन (अरा.) के प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि नए सत्र में चीनी मिलों के चलने से पहले गन्ने का मूल्य बढ़ाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा है कि जिन चीनी मिलों पर किसानों का गन्ना मूल्य बकाया है, उन सभी मिलों को संचालन शुरू होने से पहले बकाये का भुगतान करना होगा। सीएम योगी ने आवारा पशुओं के पुनर्वास और देखरेख के लिए प्रत्येक जिले में एक आईएएस अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किए जाने के लिए भी आश्वस्त किया है।
Mummy’s Kitchen लाए हैं टिफिन सर्विस : 9358234622


























