हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): एचपीडीए की भूमि अधिग्रहण कार्यप्रणाली से नाखुश किसानों ने मंगलवार को कलैक्ट्रेट पहुंच कर अपनी मांगों के समर्थन में एक ज्ञापन दिया। भाकियू (भानू) के जिलाध्यक्ष पवन हुण ने बताया कि एचपीडीए ने आनंद विहार योजना के तहत किसानों की भूमि जबरन कोड़ियों के भाव अधिगृहीत की है औऱ किसानों की जमीन को करोड़ों में बेच रहा है। एचपीडीए, किसानों के साथ हुए समझौते का पालन नहीं कर रहा है और उल्टे किसानों के शोषण व उत्पीड़न पर उतारु है।
उनकी प्रमुख मांग है कि प्राधिकरण नियम विरुद्ध किसानों की भूमि छीनने का प्रयास न करे तथा जिस भूमि पर किसानों व व्यापारियों के दुकान, मकान व भवन बने है, उन्हें अधिग्रहण प्रक्रिया से बाहर रखा जाए। योजना में शामिल किसानों की अन्य भूमि पर भूमि अधिग्रहण-2013 के अनुसार मुआवजा, पुनर्वास व सहमति के बिना भूस्वामियों की भूमि पर जबरन कब्जा न किया जाए आदि। किसानों ने पांच सूत्री मांगों के निस्तारण की मांग की है। इस मौके पर धर्मेंद्र त्यागी, लीले मास्टर, राजेंद्र प्रधान, राजवीर सिंह भाटी, संजय त्यागी, सहित सैकड़ों किसान उपस्थित थे।





















