
चार दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी की नहीं हो पाई गिरफ्तारी, थाने पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार
हापुड़, सीमन/ अमित कुमार (ehapurnews.com): सिम्भावली थाना क्षेत्र के गांव हाजीपुर में नाबालिग छात्रा को कथित रूप से कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर पिलाने के मामले में चार दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार में आक्रोश व्याप्त है। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजन रविवार को सिम्भावली थाने पहुंचे और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की।
कुनाल पुत्र समय सिंह ने बताया कि उसकी 15 वर्षीय बहन निति, जो कक्षा 8 की छात्रा थी, जिसको पड़ोस में रहने वाले लोगों ने 21 मई को कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए दी थी। आरोप है कि कोल्ड ड्रिंक पीने के करीब 20 मिनट बाद ही निति की तबीयत बिगड़ गई और उसे लगातार उल्टियां होने लगीं।
परिजनों ने उसे तत्काल कुचेसर चौपला स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां चिकित्सकों ने जहर की आशंका जताई। 27 मई को उसकी तबीयत फिर से गंभीर हो गई। इसके बाद उसे सरकारी अस्पताल सिखैड़ा ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने मेरठ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार उपचार के दौरान 28 मई की शाम करीब छह बजे निति की मृत्यु हो गई।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के संबंध में पुलिस द्वारा मुकदमा पंजीकृत होने के बावजूद अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने तथा कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
कैलकुलेटर से भी तेज दौड़ेगा दिमाग, सीखें अबेकस (Abacus) व वैदिक मैथ्स (Vedic Maths) 9219237480
























