विद्युत कर्मचारी तीसरे दिन भी हड़ताल पर रहे, उपभोक्ता परेशान
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ की संजय विहार में स्थित उर्जा निगम के अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर विद्युत कर्मचारी संघर्ष समिति के आह्वान पर विद्युत कर्मचारियों की हड़ताल गुरुवार तीसरे दिन भी जारी रही। 15 सूत्री मांगों को लेकर उर्जा निगम के कर्मचारियों व अधिकारियों ने कार्य बहिष्कार किया और हड़ताल पर रहे। सुबह करीब दस बजे सभी अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर एकत्र हुए और धरना देकर प्रदर्शन किया। हड़ताल से कामकाज बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इस दौरान उपभोक्ता भटकने को मजबूर हो गए। हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों व अधिकारियों का कहना है कि कर्मचारियों को कैशलेस सुविधाएं दी जाएं, संविदा कर्मियों को नियत कर 25 हजार रुपए प्रति माह दिया जाए। उनका कहना है कि 15 मांगों को लेकर वह अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हुए है जो आगे भी जारी रहेगा।
हड़ताल कर रहे कर्मचारियों की मांग है कि संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। पुरानी पेंशन व्यवस्था को बहाल किया तथा वेतन विसंगतियों को दूर किया जाए। विद्युत कर्मचारियों की हड़ताल की वजह से बिजली दफ्तरों में सन्नाटा पसरा रहा है और उपभोक्ता बिजली बिल जमा करने के लिए भटकते रहे। हड़ताली कर्मचारियों ने दावा किया है कि हड़ताल के कारण बिजली सप्लाई पर असर पड़ा है। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया जाएगा यह हड़ताल जारी रहेगी।
























