
डायट हापुड़ में डिस्लेक्सिया जागरूकता रैली का आयोजन
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), हापुड़ में 31 अक्टूबर को डिस्लेक्सिया जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने आमजन को डिस्लेक्सिया के प्रति जागरूक किया तथा इस समस्या से प्रभावित बच्चों के प्रति संवेदनशील एवं सहयोगात्मक दृष्टिकोण अपनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर चेंज इंक फाउंडेशन के विशेषज्ञों द्वारा प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों को डिस्लेक्सिया के लक्षणों, बच्चों को होने वाली सीखने-संबंधी कठिनाइयों तथा उनकी पहचान एवं सहयोग के प्रभावी तरीकों के बारे में जानकारी दी गई। शिक्षकों को बताया गया कि डिस्लेक्सिया से प्रभावित बच्चों को विशेष समझ, धैर्य और उचित शिक्षण रणनीतियों के माध्यम से शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जा सकता है।
कार्यक्रम में डायट हापुड़ की प्राचार्य श्रीमती ज्योति दीक्षित ने भी सक्रिय सहभागिता की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में सीखने की क्षमता होती है, आवश्यकता केवल उसकी व्यक्तिगत सीखने की जरूरतों को समझने और उचित सहयोग प्रदान करने की है। उन्होंने शिक्षकों से ऐसे बच्चों के प्रति संवेदनशीलता रखते हुए समावेशी एवं सहयोगात्मक शैक्षिक वातावरण विकसित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य डिस्लेक्सिया के प्रति समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करना, जागरूकता बढ़ाना तथा प्रत्येक बच्चे को समान एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना रहा।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग की पीड़ित महिलाएं अब रविवार को भी डॉ. रुचिका गुप्ता से ले सकेंगी परामर्श: 8979824365




























