
दवा कारोबार में आने वाली समस्याओं के निस्तारण पर चर्चा
हापुड़,सीमन(ehapurnews.com):हापुड़ केमिस्ट एसोसिएशन की कार्यकारिणी की बैठक एसोसिएशन कार्यालय, जवाहर गंज, हापुड़ में अध्यक्ष राजेंद्र गुर्जर के नेतृत्व में आयोजित हुई। बैठक में दवा व्यापार से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं उनके समाधान पर चर्चा की गई।
बैठक में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर दवाइयों की बिक्री का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि कुछ ऑनलाइन प्लेटफॉर्मों पर बिना चिकित्सकीय पर्चे के दवाइयों की बिक्री तथा संदिग्ध एवं नकली दवाइयों की उपलब्धता की शिकायतें सामने आती रहती हैं। ऐसे मामलों की प्रभावी निगरानी कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जानी चाहिए।
कार्यकारिणी ने मांग की कि बिना लाइसेंस अथवा अनधिकृत रूप से दवाइयों की बिक्री, बिना उचित पर्चे के प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री तथा नकली एवं घटिया दवाइयों की सप्लाई पर सख्ती से रोक लगाई जाए। साथ ही ऑनलाइन और ऑफलाइन दवा व्यापार में नियमों का समान रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए।
एसोसिएशन ने कहा कि नियमों का पालन कर रहे लाइसेंसधारी केमिस्टों का अनावश्यक उत्पीड़न नहीं होना चाहिए। निरीक्षण एवं कार्रवाई की प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और निर्धारित नियमों के अनुसार होनी चाहिए।
अध्यक्ष राजेंद्र गुर्जर ने कहा कि एसोसिएशन कानून एवं नियमों के पालन के पक्ष में है और मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन करने वाले केमिस्टों के साथ न्यायपूर्ण व्यवहार करते हुए अनधिकृत एवं नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं पर भी समान रूप से कार्रवाई होनी चाहिए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि एसोसिएशन द्वारा उठाई गई समस्याओं पर शासन-प्रशासन एवं संबंधित विभाग द्वारा शीघ्र संज्ञान नहीं लिया गया तथा लाइसेंसधारी केमिस्टों का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ, तो एसोसिएशन आंदोलन के लिए बाध्य होगी और आवश्यकता पड़ने पर हड़ताल का निर्णय भी लिया जा सकता है। ऐसी स्थिति उत्पन्न होने की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
बैठक में राजेंद्र गुर्जर, मुकेश गर्ग, ब्रजभूषण अग्रवाल, योगेश शर्मा, अजय कुमार शर्मा, शिवम चौहान, प्रेम चंद सैनी सहित कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
कमल डोसा प्लाजा पर चखें मधुबन बड़ा व स्वादिष्ट डोसे का स्वाद: 7017570838, 7668606012*




















