हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : मां आद्यशक्ति श्री चंडी जी पालकी सेवा समिति हापुड़ की अगुवाई में नवरात्र के दूसरे दिन रविवार को हापुड़ में श्री चंडी जी की पालकी यात्रा धूमधाम से निकाली गई जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। पालकी यात्रा हापुड़ की चंडी रोड, अतरपुरा चौराहा, तहसील चौराहा, मेरठ रोड, मधुबन कॉलोनी, अशोक कॉलोनी से होते वापस चंडी मंदिर पहुंची जहां यात्रा ने विश्राम किया। इस दौरान जगह-जगह भक्तों ने मां का आशीर्वाद प्राप्त किया।
समिति के संस्थापक व पदाधिकारी तथा मां चंडी भक्त रविवार की भोर में श्री चंडी मंदिर परिसर में एकत्र हुए, जहां समिति के संस्थापक रवींद्र पोपट ने श्री चंडी जी की पालकी का पूजन कराया और फिर भक्तों ने पालकी को कंधे पर उठाकर चंडी मैया की जय के साथ नृत्य किया। यह शोभा यात्रा प्रतिदिन के विभिन्न इलाकों से 10 अप्रैल तक निकाली जाएगी।





























