हापुड़ में करोड़ों रुपए खर्च करने के बाद भी सफाई व्यवस्था चरमराई
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): नगर पालिका परिषद हापुड़ के स्वास्थ्य विभाग के निकम्मेपन के कारण हापुड़ में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और परिषद द्वारा प्रति माह करोड़ों रुपए खर्च करने के बाद भी सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हो पा रहा है। नगर में जगह-जगह लगे कूड़े व गंदगी के ढेर परिषद की लापरवाही की कहानी बयां कर रहे है और कूड़े व गंदगी के ढ़ेर से भीषण गर्मी में उठने वाली बदबू ने लोगों का जीना भी हराम कर दिया है।
परिषद के अंतर्गत आने वाली सीमा क्षेत्र को 41 वार्ड में बांटा गया है। परिषद के 41 वार्ड में सफाई व्यवस्था को अंजाम देने के लिए सफाई कर्मियों की एक लम्बी चौड़ी फौज है तथा आधुनिक वाहन, लोडर आदि है। नगर में रात्रि सफाई, अवकाश के दिन सफाई व शौचालयों आदि सफाई के साथ वार्डों में सफाई के लिए कर्मचारियों की फौज तैनात है। सफाई कर्मचारियों का यह हाल है कि कई दिन तक झाडू लगाने, नाली साफ करने तथा कूड़ा उठाने वाले नदारत रहते है। नगर के मुख्य मार्गों पर सफाई के लिए घूमने वाले वाहनों पर तैनात कर्मी, होटल, ढाबों, ठेले व खोमचों वालों का कूड़ा उठाते है और बदले में नजराना वसूलते है। कई-कई दिन तक कूड़े व गंदगी के ढेर सड़कों पर पड़े रहते है और आवारा पशु उनमें विचरण करते नजर आते है।
नगर पालिका हापुड़ के स्वास्थ्य विभाग में संविदा सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति, वाहनों में डीजल तथा वाहनों की मरम्मत के नाम पर वसूली जा रही धनराशि में भारी घपला है। संविदा कर्मचारियों की नियुक्ति की संख्या व मौके पर कार्यरत कर्मचारियों की संख्या में भारी हेरफेर है। एक खास बात यह है कि जिस तिथि को सफाई वाहन वर्कशाप में मरम्मत के लिए खड़ा है, उस तिथि में वाहन में डीजल की खपत दिखाई गई है। ऐसे शौचालय जिन पर गत कई वर्ष से ताले लटके है, उन पर भी सफाई कर्मचारी तैनात दिखाकर पैसा वसूला जा रहा है। नगर पालिका हापुड़ का स्वास्थ्य विभाग लूट-खसौट का सबसे बड़ा अड्डा बना है।
नागरिकों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर स्वास्थ्य विभाग में सफाई के नाम पर नियुक्त संविदा कर्मचारियों, डीजल की खपत व वाहनों की मरम्मत पर हुए खर्च के भौतिक सत्यापन की मांग की है।
सगाई, किटी पार्टी, बर्थडे के लिए बुक करें कुटुंब सेलिब्रेशन हॉल: 9759966667
राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड द्वारा सरस्वती इन्स्टीट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसेज पिलखुवा NABH ACCREDITED घोषित


























