माहेश्वरी सभा की बैठक में लिया गया सामाजिक कार्यों का निर्णय
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : माहेश्वरी सभा हापुड़ की प्रथम कार्यकारिणी की बैठक संस्था में प्रधान हर्ष माहेश्वरी की अध्यक्षता में शनिवार को सम्पन्न हुई। बैठक में सामाजिक कार्य करने का निर्णय लिया गया और संस्था के पदाधिकारियों व कार्यकारिणी सदस्यों का परिचय कराया गया।
सभा के महामंत्री पंकज मालपानी ने बताया कि आज युवा पीढ़ी सामाजिक कार्यक्रमों में भाग कम लेती है। सामाजिक सौहार्द, एकता एवं एक कुटुंब की परिभाषा को बनाए ऱखने के लिए आवश्यक है कि नई पीढ़ी को आगे लाया जाए, उनके सुझाव आमंत्रित किए जाए तथा बदलते युग के अनुसार आवश्यक बदलाव किए जाए। बैठक में निर्णय लिया गया कि अपनों से मन की बात कार्यक्रम चलाया जाएगा एवं समाज के प्रत्येक परिवार के पास जा कर एक सकारात्मक चर्चा की जाएगी। युवाओं के विचार सुनेंगे एवं सामाजिक जुड़ाव की आवश्यकता पर उनसे चर्चा करेंगे. इस प्रकार युवा पीढ़ी के मन मे सामाजिक एकजुटता को जगाया जाएगा।
उप प्रधान मुकेश माहेश्वरी ने बताया कि सर्व समाज के उत्थान के लिए एवं बाल विकास के लिए सभा द्वारा बच्चों को खेल का समान एवं स्वेटर का वितरण किया जाएगा। मुकेश तापड़िया, कमल मालपानी, अंकुश तापड़िया, अभिषेक सोमानी, मुकेश तोषनीवाल, अंकुर सोमानी,राघव माहेश्वरी, पंकज मालपानी, अनुज सोमानी, संजीव तापड़िया, विशाल सोमानी, नितेश माहेश्वरी आदि उपस्थित थे।

























