हापुड़ के गोल मार्किट में सोमवार की अपराह्न उस समय हड़कंप मच गया जब यह खबर आई कि गोल मार्किट में रहने वाले एक व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। पुलिस ने मार्किट के मुख्य द्वार पर बैरिकेट लगाकर ग्राहकों को लौटाना शुरु कर दिया और दुकानदारों को दुकान बंद करने का फरमान जारी कर दिया।
देखते ही देखते गोल मार्किट व उससे जुड़े गली-मौहल्ले की दुकानें धड़ाधड़ बंद हो गई और नगर पालिका की सैनिटाइज करने वाली टीम ने पहुंचकर आवासीय व व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को सैनिटाइज करना शुरु कर दिया।
हापुड़ न्यूज़ टीम को पता चला है कि गोल मार्किट का एक व्यक्ति जो शुगर आदि से ग्रसित है, बीमार होने के कारण गत दिनों दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसका कोरोना टेस्ट हुआ था। कोरोना रिपोर्ट आने से पहले ही वह व्यक्ति हापुड़ आ गया। सोमवार को वह व्यक्ति हापुड़ नगर पालिका भी गया जहां वह अनेक लोगों के सम्पर्क में आया। सोमवार को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने से हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में बाज़ार बंद कर दिये गए और नगर पालिका भी बंद हो गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सैनिटाइजेशन किया।
पीड़ित को एम्बुलेंस की मदद से मेरठ ले जाया गया है। स्वास्थ्य विभाग टीम ने पीड़ित के सम्पर्क में आए परिवार जनों व अन्य लोगों का चिकित्सीय परीक्षण प्रारम्भ कर दिया है।























