
छत पर सो रहे ठेकेदार पर जानलेवा हमला, रॉड-डंडों से पीटा
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना धौलाना क्षेत्र के एक गांव में पुरानी रंजिश को लेकर देर रात छत पर सो रहे युवक पर तीन लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने रॉड और डंडों से हमला कर युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आपको बता दें कि मुरादाबाद निवासी राहुल कुमार ने बताया कि वह अपने बड़े भाई कपिल के साथ धौलाना क्षेत्र के एक गांव में ठेकेदारी का कार्य करते हैं। राहुल के अनुसार, कुछ दिन पहले गांव के ही विकेंद्र उर्फ विजय से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हो गया था, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद रंजिश खत्म नहीं हुई। पीड़ित का आरोप है कि दो दिन पूर्व रात करीब डेढ़ बजे कपिल घर की छत पर सो रहा था। तभी विकेंद्र उर्फ विजय अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंच गया और सोते समय कपिल पर रॉड व डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से कपिल गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े तो आरोपी फरार हो गए। घटना के बाद घायल को उपचार दिलाया गया। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं थाना प्रभारी अवनीश शर्मा ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
INDRAPRASTHA GROUP OF INSTITUTION: ADMISSIONS OPEN (2026-2027): 9837411225
























