
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET), हापुड़ में दिनांक 7 से 9 अक्टूबर 2026 तक माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों के व्यावसायिक कौशल एवं शैक्षिक दक्षताओं के संवर्धन हेतु तीन दिवसीय आवश्यकता आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में जनपद के 100 शिक्षकों ने प्रतिभाग किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत शिक्षकों की वर्तमान शैक्षिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सत्र आयोजित किए गए। इनमें परख सर्वेक्षण (PARAKH Survey), करियर काउंसलिंग, विशिष्ट अधिगम अक्षमता (Specific Learning Disability–SLD), किशोरावस्था शिक्षा (Adolescence Education), बाल अधिकार (Child Rights), राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020), राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा–विद्यालयी शिक्षा 2023 (NCF-SE 2023) तथा वित्तीय प्रबंधन (Financial Management) प्रमुख रहे।
प्रशिक्षण की विशेष उपलब्धि यह रही कि सभी प्रतिभागी शिक्षकों ने आवंटित विषयों पर प्रस्तुतियाँ भी दीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षकों ने संबंधित विषयों की अपनी समझ, अनुभवों एवं नवीन शैक्षिक विचारों को साझा किया। इस गतिविधि ने शिक्षकों को विषयवस्तु का गहन अध्ययन करने, प्रस्तुतीकरण कौशल विकसित करने तथा एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने का अवसर प्रदान किया।
संस्थान की प्राचार्य ज्योति दीक्षित ने अपने प्रेरक उद्बोधन में सभी प्रतिभागी शिक्षकों को प्रशिक्षण में अर्जित ज्ञान एवं कौशल का विद्यालय स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक प्रशिक्षण की वास्तविक सार्थकता तभी सिद्ध होती है, जब प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान, नवीन तकनीकों एवं नवाचारों को कक्षा-कक्ष में लागू करके विद्यार्थियों के अधिगम स्तर में सकारात्मक सुधार लाया जाए। उन्होंने शिक्षकों को निरंतर सीखने, अपने शिक्षण कौशल को विकसित करने तथा विद्यार्थियों की व्यक्तिगत आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षण विधियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, हापुड़ द्वारा आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों की क्षमता संवर्धन, गुणवत्तापूर्ण एवं समावेशी शिक्षा तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।





















